पश्चिम बंगाल,असम सहित तीन राज्यों में चुनावी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सभी पार्टियाँ भी ज़ोर शोर से लोगों को लुभाने में जुटी हुई हैं। इन चुनावी राज्यों में सियासी हलचल भी तेज हो चुकी है। इस बीच खबर आई है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज यानी दो अप्रैल को अपना असम दौरा रद्द कर दिया है। बता दें कि कोरोना संक्रमित के संपर्क में आ जाने से प्रियंका ने ये दौरा रद्द किया है। इसकी जानकारी खुद उन्होंने ट्वीट कर दी है।

उन्होंने बताया कि वे कोरोना संक्रमित के संपर्क में आ गई थीं। जिसके चलते उन्होंने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है। हालाँकि, उन्होंने तत्काल कोरोना जांच कराई। जिसमें उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। लेकिन डॉक्टर ने उन्हें आइसोलेशन में रहने की सलाह दी है। प्रियंका ने ये भी कहा कि इस असुविधा के लिए मैं माफी मांगती हूँ और मैं कांग्रेस पार्टी के जीतने की कामना करती हूँ। बता दें कि राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी आए दिन चुनावी कार्यक्रम में शामिल हो रही थीं। पिछले दिनों ही प्रियंका ने असम और बंगाल में कई चुनावी रैली और सभाओं को संबोधित किया था।
