उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस बीच सियासी हलचल भी तेज होने लगी है। वहीं विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बड़ा ऐलान किया है। अखिलेश यादव ने मिर्जापुर में शनिवार को एक घोषणा की है। अखिलेश ने सपा के कार्यकर्ता प्रशिक्षण सम्मेलन में घोषणा करते हुए कहा कि अगर अगले साल उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो प्रदेश की हर एक महिला के खाते में 1000 रुपये भेजे जाएँगे।

अखिलेश ने इस दौरान ये भी कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में यूपी में सपा गेमचेंजर साबित होगी। हम पूरी बहुमत के साथ सरकार बनाएँगे। उन्होंने इस दौरान बीजेपी के ऊपर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस समय आम लोग महंगाई से परेशान। कोरोना काल के बीच बढ़ती महंगाई ने उनकी जेब पर अब ज़्यादा असर डालना शुरू कर दिया है। यह सरकार किसानों हक को भी छीन रही है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने पांच वर्षों में कोई भी काम नहीं किया। बस सपा के शासन में कराए गए सभी विकास कार्यों का लोकार्पण ही कर रही है।
